एटा/रायबरेली (उप्र), छह दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा और रायबरेली जिलों में सड़क हादसों में तीन युवकों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात नायरा पेट्रोल पंप के समीप एक बाइक और जेसीबी की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 58 वर्षीय हेत सिंह और उनके 22 वर्षीय भतीजे शांति स्वरूप के रूप में हुई है। दोनों कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कुनावली, थाना सकीट से दावत खाकर अपने गांव नगला हमीर लौट रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रही जेसीबी से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली देहात के थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी और उसके चालक को पकड़कर गांव में खड़ा कर लिया। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
उधर, रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात भदोखर थाना क्षेत्र के भुएमऊ निवासी धर्मराज यादव अपने साथी जरोला गांव निवासी सतीश कुमार यादव के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी जगदीशपुर गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे चकरार निवासी दिनेश प्रताप सिंह की बाइक से टकरा गई।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिनेश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने धर्मराज को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया।
भदोखर थानाध्यक्ष राकेशचंद्र आनंद ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
