प्रयागराज, चार दिसंबर (भाषा) प्रयागराज के शिवकुटी पुलिस थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जमीन के विवाद में एक व्यक्ति ने अपने चाचा को गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (नगर) मनीष शांडिल्य ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम थाना शिवकुटी क्षेत्र में गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो पाया कि ओम शिव पांडेय ने अपने चाचा विजय पांडेय पर गोली चलाई जिसमें विजय पांडे को तीन गोलियां लगी हैं।
उन्होंने बताया कि विजय पांडेय को स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी और घायल व्यक्ति के बीच कई वर्षों से पारिवारिक संपत्ति का विवाद है। दोनों ही पेशे से अधिवक्ता हैं।
शांडिल्य ने बताया कि आरोपी ओम शिव पांडेय को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनका लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा राजेंद्र सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
