scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशएमएसएमई के लिए सबसे आकर्षक राज्य के रूप में उभरा ओडिशा: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी

एमएसएमई के लिए सबसे आकर्षक राज्य के रूप में उभरा ओडिशा: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी

Text Size:

भुवनेश्वर, 30 नवंबर (भाषा) मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को कहा कि ओडिशा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए भारत में सबसे आकर्षक राज्य बनकर उभरा है।

भुवनेश्वर में ‘ओडिशा उद्योग सम्मेलन-2025’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए माझी ने कहा कि उनकी सरकार ओडिशा के साढ़े चार करोड़ लोगों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि 2024 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद से सरकार ने ओडिशा में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी ‘गो स्विफ्ट सिंगल विंडो’ प्रणाली के तहत परियोजनाओं को महीनों में नहीं, बल्कि एक ही दिन में मंजूरी मिल रही है। इस साल हमारे राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 6.1 प्रतिशत बुनियादी ढांचे में निवेश किया गया है, जो भारत में सबसे अधिक है।”

उन्होंने राज्य में औद्योगीकरण की यात्रा में ‘लघु उद्योग भारती’ की महत्वपूर्ण भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि 980 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को सहयोग देने, रोजगार सृजन करने, उद्यमियों को सुविधा प्रदान करने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में योगदान देने में इस संस्था के प्रयास सराहनीय हैं।

माझी ने कहा कि दुनिया के 90 प्रतिशत व्यवसाय और 50 प्रतिशत रोजगार एमएसएमई क्षेत्र से आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बाजार में 10 में से सात संस्थागत नौकरियां छोटे व्यवसायों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से आती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इसलिए, छोटे व्यवसाय न केवल अर्थव्यवस्था में योगदान करते हैं, बल्कि उसे समृद्ध भी बनाते हैं।”

उन्होंने कहा कि ओडिशा ‘‘कड़ी मेहनत, नवाचार और उद्यमशीलता का राज्य’’ है तथा लघु उद्योग भारती भुवनेश्वर में एक कार्यालय स्थापित करने की योजना बना रहा है, जो एक ‘स्वागत योग्य कदम’ है।

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments