(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 28 नवंबर (भाषा) पाकिस्तान ने ताजिकिस्तान के सीमा क्षेत्र में अफगानिस्तान से आए ड्रोन के हमले में तीन चीनी नागरिकों की हत्या की शुक्रवार को कड़ी निंदा की।
ताजिकिस्तान के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि देश के दक्षिणी हिस्से में ड्रोन हमले और गोलीबारी में कम से कम तीन चीनी श्रमिकों की मौत हो गयी।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह जारी एक बयान में चीनी नागरिकों की मौत पर चीन की सरकार और जनता तथा ताजिकिस्तान की सरकार और लोगों के प्रति ‘‘गहरी संवेदनाएं’’ और ‘‘मजबूत एकजुटता’’ व्यक्त की।
बयान में कहा गया है, ‘‘पाकिस्तान चीनी नागरिकों पर इस कायराना हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता है। इस घटना में सशस्त्र ड्रोन के इस्तेमाल ने अफगानिस्तान से उत्पन्न खतरे की गंभीरता और इसके पीछे मौजूद लोगों के दुस्साहस को उजागर किया है।’’
पाकिस्तान ने यह भी कहा कि ‘‘अफगान सरजमीं से अंजाम दिए जाने वाले आतंकवादी हमलों का बार-बार शिकार होने वाले पड़ोसी देश के रूप में पाकिस्तान के लोग अपने चीनी मित्रों और ताजिकिस्तान के अपने साझेदारों के दुःख और पीड़ा को भली-भांति समझते हैं।’’
बयान में आगे कहा गया है, ‘‘आतंकवादी तत्वों द्वारा अफगान भूमि का बार-बार उपयोग और अफगान तालिबान शासन के संरक्षण में उनकी निरंतर मौजूदगी पूरे क्षेत्र और व्यापक अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए गंभीर चिंता का विषय है।’’
पाकिस्तान ने अफगान सरजमीं से काम कर रहे आतंकी समूहों के सदस्यों, सहयोगियों, मददगारों और वित्तपोषकों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
भाषा गोला वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
