scorecardresearch
Thursday, 27 November, 2025
होमदेशहरियाणा: कांग्रेस ने 'वोट चोरी' के मुद्दे पर नारनौल में प्रदर्शन किया

हरियाणा: कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर नारनौल में प्रदर्शन किया

Text Size:

चंडीगढ़, 27 नवंबर (भाषा) हरियाणा के नारनौल में कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया।

पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने “साफ तौर पर बता दिया है कि 25 लाख वोट कैसे चोरी किए गए।”

सिंह ने विरोध प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों से कहा, ‘राहुल गांधी ने खुलासा किया है कि कैसे अनैतिक तरीकों से 25 लाख वोट चुराए गए।’

उन्होंने कहा कि इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे घर-घर जाएं और लोगों को जागरूक करें कि हरियाणा में एक अवैध और असंवैधानिक सरकार काम कर रही है।

हाल ही में हरियाणा कांग्रेस ने यह निर्णय लिया था कि वह राज्य में 2024 के विधानसभा चुनावों के “वोट चोरी” संबंधी राहुल गांधी के आरोप को जनता तक ले जाएगी। इसी क्रम में पार्टी ने 12 नवंबर को करनाल से एक महीने लंबे राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की शुरुआत की थी।

नारनौल में आयोजित कांग्रेस के “वोट चोर–गद्दी छोड़” कार्यक्रम में कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने भी भाग लिया।

अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दक्षिण हरियाणा के लोगों को स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य सरकार के गठन में इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए कांग्रेस इस क्षेत्र के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी।

राव नरेंद्र सिंह ने सभी से 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में शामिल होने की अपील की, ‘जहां राहुल गांधी और खरगे जी जनता के सामने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के धोखे को उजागर करेंगे’।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयासों के कारण भारत को स्वतंत्रता मिली और डॉ. बी.आर. आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान ने लाखों महिलाओं, किसानों, गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों को वोट देने और समानता का अधिकार दिया।

सुरजेवाला ने कहा, ‘लेकिन आज भाजपा सरकार छल-कपट और चालाकी से लोगों के अधिकार छीन रही है। जब तक मताधिकार सुरक्षित है, तब तक सत्ता में बैठे लोग जवाबदेह रहते हैं… लेकिन जब सत्ता में बैठे लोग खुद वोट चोर बन जाते हैं, तो लोग अपनी आवाज उठाने की क्षमता खो देते हैं।’

अपने संबोधन में सिरसा से लोकसभा सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने उपस्थित लोगों से कहा कि कांग्रेस का विरोध राजनीतिक लाभ के लिए अभियान नहीं है, बल्कि लोगों के अधिकारों को बहाल करने का मिशन है।

उन्होंने कहा, ‘आज भाजपा छल-कपट से नागरिकों के मताधिकार को छीन रही है। हरियाणा में वोट चुराकर और लोगों के संवैधानिक अधिकारों को छीनकर सरकार बनाई गई है।’

सैलजा ने कहा कि इस लड़ाई में राहुल गांधी का साथ देने का समय आ गया है।

उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, यह भारत के हर नागरिक की लड़ाई है।’

भाषा राखी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments