scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमखेलहमें अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा , जूनियर हॉकी कोच श्रीजेश

हमें अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा , जूनियर हॉकी कोच श्रीजेश

Text Size:

चेन्नई, 27 नवंबर (भाषा) भारत के मुख्य कोच पी आर श्रीजेश ने एफआईएच जूनियर पुरूष हॉकी विश्व कप से पहले अपनी टीम की कमियों को स्वीकार किया लेकिन कहा कि नौ साल बाद अपनी धरती पर खिताब जीतने के लिये टीम को अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा ।

अर्जेंटीना के साथ टूर्नामेंट की दूसरी सबसे कामयाब टीम भारत ने होबर्ट में 2001 के बाद लखनऊ में 2016 में खिताब जीता था ।

भारत को पूल बी के पहले मैच में शुक्रवार को चिली से खेलना है ।

अंडर 21 वर्ग में भारत दूसरी रैंकिंग वाली टीम है जबकि सात बार की और पिछली चैम्पियन जर्मनी शीर्ष पर है । चिली विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर है ।

मैच से पूर्व श्रीजेश ने कहा ,‘‘ रैंकिंग से कुछ पता नहीं चलता और मैच के दिन प्रदर्शन ही मायने रखता है । मैने अपने कैरियर में कई चुनौतियों का सामना किया है और खिलाड़ियों के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना बहुत जरूरी है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ चिली या कोई भी टीम सामने हो, उसका सम्मान करना होगा । हर टीम अलग खेलती है और चिली के जितने वीडियो मैने देखे हैं, वे काफी अच्छी और आक्रामक हॉकी खेलते हैं । हमारे लिये यह जरूरी है कि हम कैसे खेलते हैं । हमे अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा ।’’

श्रीजेश ने स्वीकार किया कि टीम को कुछ कमजोरियों से पार पाना होगा जिनका पता मलेशिया में जोहोर कप के दौरान चला । भारतीय टीम फाइनल में हार गई थी ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हमने जोहोर कप के बाद काफी मेहनत की है लेकिन मैं कोई बहाना नहीं बनाऊंगा कि हम पेनल्टी कॉर्नर पर अधिक गोल क्यो नहीं कर सके । स्कोरिंग उतनी अच्छी नहीं थी । लेकिन हम पूरी तैयारी से आये हैं और कल का मैच आत्मविश्वास के साथ बिना किसी दबाव के खेलेंगे ।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments