scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमखेलराष्ट्रमंडल खेल 2030 में क्रिकेट स्पर्धा वडोदरा में हो सकती है : आईओए सीईओ अय्यर

राष्ट्रमंडल खेल 2030 में क्रिकेट स्पर्धा वडोदरा में हो सकती है : आईओए सीईओ अय्यर

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 नवंबर (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के सीईओ रघुराम अय्यर ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल 2030 के दौरान अहमदाबाद के करीब स्थित वडोदरा में क्रिकेट मैच कराये जा सकते हैं लेकिन यह भी कहा कि आयोजक एक ‘कॉम्पैक्ट’ टूर्नामेंट कराना चाहते हैं ।

अहमदाबाद को बुधवार को ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेल आमसभा के दौरान 2030 खेलों की मेजबानी दी गई । भारत में दो दशक बाद ये खेल कराये जायेंगे ।

गुजरात के प्रमुख सचिव (खेल) अश्वनी कुमार ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अधिकांश स्पर्धा अहमदाबाद और गांधीनगर में होंगी ।

क्रिकेट के लिये हालांकि अधिक स्टेडियमों की जरूरत होगी तो आसपास के शहरों में भी मैच हो सकते हैं । राष्ट्रमंडल खेल 2030 में टी20 क्रिकेट का होना तय है । बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट शामिल था लेकिन अभी यह पता नहीं है कि 2030 में पुरूष क्रिकेट भी होगा या नहीं ।

अय्यर ने पीटीआई से फोन पर कहा ,‘‘ अभी कुछ तय नहीं है लेकिन आयोजक अहमदाबाद के आसपास के वेन्यू पर गौर करेंगे जैसे कि वडोदरा । अभी सिर्फ विचार हो रहा है ।’’

वडोदरा अहमदाबाद से सौ किलोमीटर की दूरी पर है ।

आईओए अध्यक्ष पी टी उषा की अगुवाई में ग्लास्गो में भारतीय दल में गुजरात के उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री हर्ष सांघवी और अय्यर भी शामिल थे ।

वडोदरा में दो प्रमुख क्रिकेट स्टेडियम वडोदरा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और रिलायंस स्टेडियम हैं । अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रमुख मैच और फाइनल हो सकता है ।

एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, तैराकी और पैरा तैराकी, टेबल टेनिस और पैरा टेबल टेनिस, बाउल और पैरा बाउल, भारोत्तोलन और पैरा पावरलिफ्टिंग , कलात्मक जिम्नास्टिक , नेटबॉल और मुक्केबाजी के इन खेलों का हिस्सा होने की पुष्टि हो चुकी है ।

तीरंदाजी, बैडमिंटन, तीन गुणा तीन बास्केटबॉल और व्हीलचेयर बास्केटबॉल, बीच वॉलीबॉल, क्रिकेट टी20, साइकिलिंग, गोताखोरी, हॉकी, जूडो, लयबद्ध जिम्नास्टिक, रग्बी सेवंस, निशानेबाजी, स्क्वाश, ट्रायथलन और पैरा ट्रायथलन और कुश्ती इसमे शामिल होने की दौड़ में है ।

अय्यर ने कहा ,‘‘ खेल कार्यक्रम समय के साथ तय होगा । कई खेलों पर गौर किया जायेगा ।’’

भारत योग, खोखो और कबड्डी को शामिल करने का प्रस्ताव रख सकता है । योग 2026 एशियाई खेलों में पदक स्पर्धाओं में शामिल होगा ।

भाषा मोना पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments