कोलकाता, 26 नवंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर ने बुधवार को यहां ईडन गार्डन्स में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ग्रुप बी के अपने पहले मैच में अनुशासित गेंदबाजी की बदौलत महाराष्ट्र को पांच विकेट से हरा दिया।
गेंदबाज औकिब नबी की अगुवाई में जम्मू कश्मीर ने महाराष्ट्र को 19.5 ओवर में 130 रन से कम स्कोर पर समेट दिया। इसके बाद 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
कूल्हे की चोट से उबरने के बाद अपना सिर्फ दूसरा मैच खेल रहे उमरान मलिक अपने शुरुआती ओवर में खराब फॉर्म में दिखे। पिछले आईपीएल से बाहर होने के बाद लगभग 19 महीने तक मैदान से बाहर रहे मलिक ने इस सत्र में राजस्थान के खिलाफ अपने एकमात्र रणजी मैच में कोई विकेट नहीं लिया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के इस तेज गेंदबाज ने अपने आईपीएल टीम के मैदान पर जल्द ही लय पकड़ ली। उन्होंने दो विकेट लिए।
सनराइजर्स हैदराबाद के साथ एक यादगार 2022 सत्र के बाद मलिक ने 2023 और 2024 में सिर्फ नौ मैचों में खेले। केकेआर ने 2025 सत्र के लिए 75 लाख रुपये में चुना लेकिन वह चोट के कारण बाहर हो गए।
नबी ने 28 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि युद्धवीर सिंह ने भी मलिक की तरह दो विकेट झटके। बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक ने 26 रन देकर दो विकेट लिए।
नबी ने अपने दूसरे ओवर में ही पृथ्वी साव को पांच रन पर आउट किया।
पावरप्ले के अंदर महाराष्ट्र के तीन विकेट गिर गए थे। मलिक ने दो विकेट लेकर वापसी की।
महाराष्ट्र को लापरवाही से बल्लेबाजी करने का खामियाजा भुगतना पड़ा और लगातार विकेट गिरने से टीम एक गेंद पहले 130 रन पर सिमट गई जिसमें आठवें नंबर के बल्लेबाज विक्की ओस्तवाल 21 रन बनाकर उसके शीर्ष स्कोरर रहे।
जम्मू कश्मीर ने कामरन इकबाल (28) और शुभम खजूरिया (26) के बीच पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी से अच्छी शुरूआत की। बाद में विकेट गंवाने के बावजूद टीम ने छोटा लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत के पूर्व अंडर-19 विकेटकीपर-बल्लेबाज आर्यन जुयाल ने 57 गेंद में 11 चौके और तीन छक्के से नाबाद 93 रन की शानदार पारी खेली और गोवा के 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश को छह विकेट से जीत दिलाई।
गोवा के लिए अभिनव तेजराणा की 35 गेंद में 72 रन की पारी बेकार चली गई जिसमें छह छक्के और चार चौके शामिल थे। उन्होंने और अर्जुन तेंदुलकर ने 55 रन की साझेदारी की।
मध्य प्रदेश को एक अन्य मैच में हैदराबाद से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.