नयी दिल्ली, 26 नवंबर (भाषा) सॉफ्टवेयर समाधान प्रदाता एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के शेयर बुधवार को अपने निर्गम मूल्य के मुकाबले 12.5 प्रतिशत चढ़कर सूचीबद्ध हुए।
कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर 135 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुआ जो 120 रुपये के निर्गम मूल्य से 12.5 प्रतिशत अधिक है।
बाद में भी इसके शेयरों में तेजी जारी रही और बीएसई पर यह 18.87 प्रतिशत की उछाल के साथ 142.65 रुपये तक पहुंच गया।
इस तरह सुबह के कारोबार में कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,600.25 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी के 500 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निवेशकों से जोरदार प्रतिक्रिया मिली थी। इसे पिछले शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन 43.19 गुना अभिदान मिला था।
आईपीओ के तहत 180 करोड़ रुपये के ताजा शेयर और 320 करोड़ रुपये के मौजूदा शेयरों की बिक्री पेशकश की गई थी। इसके लिए 114-120 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया था।
एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज एक सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता कंपनी है, जो सीखने और आकलन से जुड़े बाजारों के लिए तकनीकी समाधान प्रदान करती है। दो दशक से अधिक पुराने परिचालन के दौरान कंपनी ने वैश्विक स्तर पर कई प्रमुख संस्थानों के साथ दीर्घकालिक अनुबंध किए हैं।
भाषा प्रेम प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.