scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअर्थजगतगडकरी ने एग्रो विजन कार्यक्रम की सफलता को सराहा, खेती में एआई के इस्तेमाल की वकालत की

गडकरी ने एग्रो विजन कार्यक्रम की सफलता को सराहा, खेती में एआई के इस्तेमाल की वकालत की

Text Size:

नागपुर, 24 नवंबर (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि पिछले तीन दिन में तीन लाख से ज़्यादा लोगों ने एग्रो विजन का दौरा किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र की मदद करना और किसानों की आत्महत्याओं को रोकना है।

एग्रो विजन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनका सपना नागपुर के संतरों को दुनिया भर में प्रसिद्ध बनाना है।

उन्होंने कहा कि एग्रो विजन 1,000 किसानों का चयन करेगा जो खेती में कृत्रिम मेधा (एआई) को अपनाएंगे और उनके काम को अगले साल के कार्यक्रम में प्रदर्शित किया जाएगा।

गडकरी ने कहा, ‘‘तीन दिनों में तीन लाख से ज़्यादा किसानों ने एग्रो विजन का दौरा किया। उन्हें 80 से ज़्यादा विशेषज्ञों द्वारा 40 कार्यशालाओं के माध्यम से तकनीकी खेती का मार्गदर्शन मिला। उत्पादन लागत कम करने, उपज बढ़ाने और उपज के लिए उचित बाज़ार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की गईं।’’

उन्होंने खेती में तकनीक के इस्तेमाल के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा, ‘‘विदर्भ में किसानों की तस्वीर और कृषि की स्थिति धीरे-धीरे बदल रही है। सामूहिक प्रयासों से इसमें प्रगति होगी। एग्रो विजन हर किसान के लिए एक मंच है।’’

एग्रो विजन में एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनका सपना ‘नागपुर संतरे’ के गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और इसे दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने का है।

उन्होंने संतरा उत्पादक-किसान-उत्पादक कंपनी की भी वकालत की।

गडकरी एग्रो विजन के मुख्य संरक्षक हैं।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments