scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशप्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 के इतर कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की

प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 के इतर कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की

Text Size:

जोहानिसबर्ग, 23 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को यहां जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर जमैका और नीदरलैंड के अपने समकक्षों सहित कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट के जरिए अपनी मुलाकातों का ब्यौरा साझा किया।

जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस के साथ बातचीत के बाद, मोदी ने कहा कि भारत और जमैका ‘‘ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों से समृद्ध मित्रता से बंधे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सामूहिक प्रगति के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के साथ हमारी साझेदारी लगातार बढ़ रही है।’’

नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ के साथ बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने जल संसाधन, नवाचार, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘जल संसाधन, नवाचार, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में हमारे देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी तेजी से बढ़ रही है। हम आने वाले समय में व्यापार और निवेश संबंधों को गहरा करने के लिए काम करते रहेंगे।’’

मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टलीना जॉर्जीवा से भी बातचीत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘जोहानिसबर्ग जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टलीना जॉर्जीवा से बातचीत की।’’

मोदी जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहानिसबर्ग में हैं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments