मुंबई, 23 नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे के निजी सहायक की पत्नी ने घरेलू विवाद के चलते मध्य मुंबई स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि राज्य की पशुपालन एवं पर्यावरण मंत्री मुंडे के निजी सहायक अनंत गर्जे की पत्नी गौरी पाल्वे शनिवार शाम वर्ली इलाके में अपने घर में फंदे से लटकी मिलीं।
उन्होंने बताया कि दोनों की शादी इस वर्ष फरवरी में हुई थी और पाल्वे सरकार संचालित केईएम अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग में डॉक्टर थीं।
पुलिस के अनुसार, पाल्वे के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने उन्हें प्रताड़ित और परेशान किया, जिसके कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
परिवार ने पाल्वे की मौत की गहन जाँच की माँग की है।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्महत्या का कारण घरेलू विवाद होने का संदेह है। उन्होंने कहा कि आकस्मिक मौत की एक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
भाषा नेत्रपाल अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
