(विनय शुक्ला)
मॉस्को, 20 नवंबर (भाषा) दक्षिणी रूस के काकेशस पर्वतों से प्राप्त प्राकृतिक खनिज जल इस वर्ष के अंत तक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भारतीय उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध हो जाएगा। एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
प्राकृतिक खनिज जल खनिज पदार्थों से युक्त प्राकृतिक जल को कहा जाता है।
रूस की कंपनी एक्वा होल्डिंग अमेरिका, कनाडा, चीन, इजराइल और दक्षिण कोरिया सहित दुनिया के 20 से अधिक देशों को काकेशस पर्वत के प्राकृतिक खनिज जल का निर्यात करती है। कंपनी ने पानी की पहली खेप भारत भेज दी है।
रूसी समाचार एजेंसी तास ने कंपनी के हवाले से बताया, ‘‘एक्वा होल्डिंग कंपनी ने पेयजल की पहली खेप भारत भेज दी है। कंपनी ने भारतीय बाजार के लिए नया गोरजी वीटा ब्रांड विकसित किया है। ’’
पानी की यह खेप काला सागर के नोवोरोस्सियस्क बंदरगाह के माध्यम से समुद्री मार्ग से भारत पहुंचाई जाएगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘इस वर्ष के अंत तक भारतीय बाजार में इस शुद्ध जल की हजारों बोतलें उपलब्ध होंगी।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
