scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशअर्थजगतरिलायंस ने ईयू की पाबंदियों के चलते अपनी निर्यात वाली रिफाइनरी में रूसी तेल का इस्तेमाल रोका

रिलायंस ने ईयू की पाबंदियों के चलते अपनी निर्यात वाली रिफाइनरी में रूसी तेल का इस्तेमाल रोका

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने गुजरात के जामनगर में अपनी सिर्फ निर्यात वाली रिफाइनरी में रूसी कच्चे तेल का इस्तेमाल रोक दिया है। कंपनी ने यूरोपीय संघ (ईयू) की पाबंदियों के चलते यह फैसला लिया है।

रिलायंस भारत में रूसी कच्चे तेल की सबसे बड़ी खरीदार है, जिसे वह जामनगर में अपने बड़े तेल शोधन परिसर में शोधित कर पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधन में बदलती है।

यह परिसर दो रिफाइनरियों से बना है – एक एसईजेड इकाई जिससे यूरोपीय संघ, अमेरिका और दूसरे बाजारों में ईंधन निर्यात किया जाता है, और दूसरी पुरानी इकाई जो घरेलू बाजार की जरूरतें पूरी करती है।

यूरोपीय संघ रिलायंस के लिए एक बड़ा बाजार है और उसने रूस के ऊर्जा राजस्व को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर पाबंदियां लगाई हैं। इसमें रूसी कच्चे तेल से बने ईंधन के निर्यात और बिक्री पर रोक लगाने वाले उपाय भी शामिल हैं।

ऐसे में रिलायंस ने अपनी सिर्फ निर्यात वाली एसईजेड रिफाइनरी में रूसी कच्चे तेल का शोधन बंद कर दिया है।

कंपनी के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘हमने 20 नवंबर से अपनी एसईजेड रिफाइनरी में रूसी कच्चे तेल का आयात बंद कर दिया है।’’

रिलायंस ने कहा कि एक दिसंबर से उसकी एसईजेड रिफाइनरी से निर्यात होने वाले सभी उत्पाद गैर-रूसी कच्चे तेल से बने होंगे।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments