नयी दिल्ली, 19 नवंबर (भाषा) अदाणी समूह ने बाजार से इतर लेनदेन के जरिये एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस लिमिटेड (पूर्व में अदाणी विल्मर लिमिटेड) में अपनी 13 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी विल्मर इंटरनेशनल की एक अनुषंगी कंपनी को बेच दी है।
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, अदाणी कमोडिटीज एलएलपी ने एडब्ल्यूएल में 16.9 करोड़ (13 प्रतिशत) शेयर विल्मर इंटरनेशनल की एक अनुषंगी कंपनी लेंस प्राइवेट लिमिटेड को बेचे।
यह बिक्री इस साल की शुरुआत में घोषित व्यापक हिस्सेदारी विनिवेश योजना का हिस्सा है। इसके तहत विल्मर 275 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस के शेयर खरीदने पर सहमत हुई थी।
अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी और एसीएल की मूल कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और एडब्ल्यूएल ने बिक्री मूल्य का खुलासा नहीं किया है, लेकिन 275 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से यह सौदा 4,646 करोड़ रुपये का हुआ।
एसीएल के पास एडब्ल्यूएल में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। बिक्री के बाद, अब उसके पास 9.09 करोड़ रुपये या एडब्ल्यूएल का सात प्रतिशत हिस्सा है। लेंस के पास अब एडब्ल्यूएल का 56.94 प्रतिशत हिस्सा है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.