scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमखेलभारत के रघु प्रसाद एफआईएच के 2025 के साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंपायर चुने गए

भारत के रघु प्रसाद एफआईएच के 2025 के साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंपायर चुने गए

Text Size:

लुसाने, 18 नवंबर (भाषा) भारत के रघु प्रसाद को मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने अंपायरिंग में ‘पेशेवरपन, समर्पण और उत्कृष्टता’ के लिए 2025 का एफआईएच का साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंपायर चुना।

अब तक 198 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अंपायरिंग और 33 मैच में वीडियो अंपायरिंग करने वाले प्रसाद मलेशिया में 2025 सुल्तान अजलान शाह कप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच में अधिकारी की भूमिका निभाने वाले पहले एशियाई अंपायर बनेंगे।

एफआईएच ने एक बयान में कहा, ‘‘एफआईएच गर्व से एफआईएच हॉकी स्टार्स पुरस्कार- वर्ष के सर्वश्रेष्ठ अंपायर श्रेणी के विजेताओं की घोषणा करता है। यह उन व्यक्तियों का सम्मान करता है जिनके पेशेवरपन, समर्पण और उत्कृष्टता ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायरिंग के उच्चतम मानकों को आकार दिया है।’’

एफआईएच ने कहा, ‘‘रघु प्रसाद को उनके 23 साल के उल्लेखनीय अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंपायर पुरस्कार प्रदान किया गया है जो निरंतरता, लचीलेपन और उत्कृष्टता से परिपूर्ण है। 2003 में अपने पदार्पण के बाद से रघु ने सभी महाद्वीपों और हर बड़े टूर्नामेंट में अंपायरिंग की है जिसमें चार एफआईएच हॉकी विश्व कप और तीन ओलंपिक खेल शामिल हैं – एक ऐसा रिकॉर्ड जिसकी बराबरी बहुत कम लोग कर सकते हैं।’’

एफआईएच ने कहा कि रघु की निरंतर सफलता उनकी असाधारण फिटनेस, तीक्ष्ण निर्णय क्षमता और मैदान पर नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है।

एफआईएच ने कहा, ‘‘उनके पेशेवरपन और विनम्रता ने उन्हें वैश्विक हॉकी समुदाय में अपार सम्मान दिलाया है। जैसे-जैसे वह अपनी शानदार अंपायरिंग यात्रा के अंत के करीब पहुंच रहे हैं, रघु का प्रभाव खेल की अखंडता और भावना को बनाए रखने के लिए समर्पित अधिकारियों की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।’’

वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला अंपायर का पुरस्कार अर्जेंटीना की आइरीन प्रेसेंकी को मिला।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments