नयी दिल्ली, 18 नवंबर (भाषा) भारत के नागर विमानन क्षेत्र की विकास संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने मंगलवार को हवाई मार्ग से माल ढुलाई के अवसरों का लाभ उठाने के लिए अधिक मालवाहक और कार्गो-केंद्रित हवाई अड्डों की वकालत की।
भारत दुनिया के सबसे तेज़ी से बढ़ते नागर विमानन बाजारों में से एक है और बढ़ती हवाई यातायात मांग को पूरा करने के लिए एयरलाइन कंपनियां अपने बेड़े का विस्तार कर रही हैं। यात्री विमानों के जरिये माल की ढुलाई भी बढ़ रही है।
नायडू ने कहा कि भारतीय विमानन कंपनियों को मालवाहक विमानों के संचालन के अवसरों की तलाश करनी चाहिए, क्योंकि हवाई माल ढुलाई राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका में 200 से अधिक समर्पित मालवाहक विमान हैं, जबकि भारत में केवल 17 पंजीकृत मालवाहक विमान हैं।
मंत्री ने कहा, ‘‘समर्पित मालवाहकों की व्यावसायिक व्यवहार्यता को देखते हुए, मैं भारतीय एयरलाइंस को इस क्षेत्र में विस्तार की संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।’’
उन्होंने हवाई माल ढुलाई की मात्रा बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
