scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमविदेशरूस के साथ व्यापार करने वाले देशों पर ‘बहुत कड़ी पाबंदियां’ लगायी जाएंगी : ट्रंप

रूस के साथ व्यापार करने वाले देशों पर ‘बहुत कड़ी पाबंदियां’ लगायी जाएंगी : ट्रंप

Text Size:

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन, 17 नवंबर (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि जो भी देश रूस के साथ व्यापार करेगा, उस पर ‘‘बहुत कड़ी पाबंदियां’’ लगाई जाएंगी।

ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन और रिपब्लिकन सांसद मॉस्को को निशाना बनाने वाले कड़े कानून पर आगे बढ़ रहे हैं।

रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप से पूछा गया कि क्या रूस और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव डालने के लिए कांग्रेस द्वारा उपाय लागू करने का समय आ गया है, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि वे ऐसा कर रहे हैं और यह ठीक है।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘वे कानून पारित कर रहे हैं…… रिपब्लिकन कानून ला रहे हैं……रूस के साथ व्यापार करने वाले किसी भी देश पर बहुत कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे। वे उसमें ईरान को भी शामिल कर सकते हैं…… यह सुझाव मैंने दिया था।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोहराया, ‘‘तो कोई भी देश जो रूस के साथ व्यापार करेगा, उसे बहुत कड़ी पाबंदियों का सामना करना पड़ेगा। हम इसमें ईरान को भी शामिल कर सकते हैं।’’

ट्रंप प्रशासन ने भारत पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया है जो दुनिया में सबसे अधिक शुल्कों में से एक है। इसमें रूसी तेल की खरीद को लेकर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है।

सांसद लिंडसे ग्राहम द्वारा पेश किए गए एक विधेयक में रूसी तेल की द्वितीयक खरीद और पुन: बिक्री पर 500 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव को संसद की विदेश संबंध समिति में लगभग सर्वसम्मत समर्थन मिला है।

ग्राहम और सांसद रिचर्ड ब्लूमेंथल ने संयुक्त रूप से ‘‘रूस प्रतिबंध अधिनियम 2025’’ पेश किया है, जिसका उद्देश्य उन “देशों पर द्वितीयक शुल्क और प्रतिबंध” लगाना है जो यूक्रेन में पुतिन के बर्बर युद्ध को जारी रखने के लिए धन मुहैया कराते हैं।’’ इस प्रस्तावित कानून के संसद में 85 सह-प्रायोजक हैं।

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments