scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमखेलभारत के धनुष ने डेफलिम्पिक्स में एयर राइफल में स्वर्ण जीता, मुर्तजा को रजत

भारत के धनुष ने डेफलिम्पिक्स में एयर राइफल में स्वर्ण जीता, मुर्तजा को रजत

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 नवंबर (भाषा) निशानेबाज धनुष श्रीकांत ने रविवार को तोक्यो में डेफलिम्पिक्स (बधिर ओलंपिक) में पुरुषों की एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक के साथ भारत के लिए खाता खोला।

23 वर्षीय श्रीकांत ने 2022 में ब्राजील में 19 साल की उम्र में बधिर ओलंपिक में पदार्पण किया था और दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 252.2 का फाइनल विश्व रिकॉर्ड बनाया और शीर्ष पोडियम स्थान हासिल किया।

हमवतन मोहम्मद मुर्तजा वानिया ने फाइनल में 250.1 अंक से रजत जबकि दक्षिण कोरिया के बाएक सेउंगक ने 223.6 अंक से कांस्य पदक जीता।

फाइनल में धनुष ने बधिर ओलंपिक और बधिर ओलंपिक फाइनल विश्व रिकॉर्ड दोनों को तोड़ते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल बधिर ओलंपिक में दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 2022 में उन्होंने व्यक्तिगत और मिश्रित टीम दोनों में स्वर्ण पदक जीते थे।

धनुष सोमवार को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में माहित संधू के साथ जोड़ी बनाकर अपने करियर का चौथा स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य रखेंगे।

20 वर्षीय संधू ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में 250.5 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। हमवतन कोमल वाघमारे (228.3) ने कांस्य पदक जीता जबकि यूक्रेन की लिडकोवा वायलेटा ने 252.4 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।

संधू ने 623.4 अंकों के साथ आठ निशानेबाजों के फाइनल के लिए दूसरे स्थान पर क्वालीफाई किया जबकि वाघमारे (622.0) तीसरे स्थान पर रहीं थीं।

बधिर निशानेबाज राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सामान्य एथलीटों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं और अपनी रैंकिंग के आधार पर राष्ट्रीय शिविरों और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी चुने जाते हैं।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments