scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअदाणी विजिंझम बंदरगाह में कंटेनर-क्रेन संचालन में महिलाओं की बराबर हिस्सेदारी

अदाणी विजिंझम बंदरगाह में कंटेनर-क्रेन संचालन में महिलाओं की बराबर हिस्सेदारी

Text Size:

(मनीष श्रीवास्तव)

तिरुवनंतपुरम, 15 नवंबर (भाषा) अदाणी विजिंझम पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (एवीपीपीएल) ने बताया कि बंदरगाह में कंटेनर संचालन और क्रेन संचालन में लगे कर्मचारियों में कम से कम आधी महिलाएं हैं।

एवीपीपीएल के प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि डॉक पर स्थित कार्यालय से पूरी तरह स्वचालित संचालन के माध्यम से कंटेनरों की आवाजाही संभालने वाले लगभग 20 कर्मचारियों में वर्तमान में नौ महिलाएं हैं और एक अन्य महिला जल्द ही शामिल होगी। ये सभी पालियों में काम करती हैं और जॉयस्टिक के जरिए संचालन करती हैं।

उन्होंने कहा कि अदाणी पोर्ट्स एवं विशेष आर्थिक क्षेत्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का विकास और स्वचालित तकनीक का इस्तेमाल स्थानीय महिलाओं के लिए एक अवसर साबित हुआ है। अरब सागर के किनारे स्थित इस बंदरगाह ने उनके लिए असामान्य अवसर खोले हैं, क्योंकि महिलाएं जॉयस्टिक का उपयोग करके विशाल क्रेन आसानी से चला सकती हैं और कंटेनर में लदान कर सकती हैं।

विजिंझम की रहने वाली सुनीता राज एल ने कहा, ”डिप्लोमा कोर्स पूरा करने के बाद मुझे अपने ही शहर में अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह पर काम करने का अवसर मिला।”

उन्होंने यह बात पूरी तरह स्वचालित प्रणाली के माध्यम से कंटेनरों को संभालते हुए कही।

सुनिता ने कहा, ”हमें यहां पालियों में काम करने या अपना सर्वश्रेष्ठ देने में कोई कठिनाई नहीं हो रही है।” उनकी सहकर्मी स्टेफी ने भी समान विचार व्यक्त किए।

पाली प्रबंधक नंद कुमार के अनुसार, ”महिलाएं यार्ड क्रेन संचालन में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ दे रही हैं। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें कंटेनर संचालन में अगले स्तर पर बढ़ाया भी जा रहा है।”

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments