गुवाहाटी, 15 नवंबर (भाषा) केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के गुवाहाटी आयुक्तालय ने फर्जी बिल रैकेट में कथित संलिप्तता के लिए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को कहा गया कि सीजीएसटी आयुक्तालय की कर चोरी निरोधक इकाई को विशेष खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ व्यक्तियों का एक समूह 50 से अधिक संदिग्ध जीएसटी पंजीकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये लोग वस्तुओं या सेवाओं की वास्तविक आपूर्ति किए बिना ही फर्जी बिल दे रहे थे, ताकि धोखाधड़ी से मिले जीएसटी क्रेडिट को आगे बढ़ाया जा सके।
मामले में समूह के दो प्रमुख सदस्यों के ठिकानों की बृहस्पतिवार को तलाशी ली गई। बयान के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने फर्जी फर्मों का जीएसटी पंजीकरण कराया और वित्तीय लाभ के लिए उन्हीं फर्जी फर्मों का इस्तेमाल कर नकली बिल बनाए थे।
दोनों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बयान में बताया गया कि दो फर्मों के संबंध में हुई प्रारंभिक जांच में 8.59 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का पता चला है और साथ ही कई करोड़ रुपये के अतिरिक्त जीएसटी राजस्व चोरी का पता भी चल सकता है।
भाषा प्रचेता पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
