नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) वेदांता लि. अगले दो वर्षों में राजस्थान में 25,000 नंद घर स्थापित करने की योजना बना रही है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने बयान में कहा कि उसका लक्ष्य अगले दो वर्षों में राजस्थान में 25,000 नंद घर स्थापित करना है, जिससे 20 लाख लोगों के जीवन में सुधार होगा और सामुदायिक परिवर्तन में सार्वजनिक-निजी सहयोग के लिए एक नया मानदंड स्थापित होगा।
वेदांता ने यह भी कहा कि उसने 16 राज्यों में 10,000 केंद्रों का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे देशभर में प्रतिदिन चार लाख से अधिक बच्चों और तीन लाख महिलाओं के जीवन में बदलाव आ रहा है।
भारत सरकार की एकीकृत बाल विकास योजना (आईसीडीएस) के साथ जुड़ी यह पहल पारंपरिक आंगनवाड़ियों को आधुनिक, प्रौद्योगिकी-सक्षम केंद्रों में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा, ‘जब हमने नंद घर की शुरुआत की थी, हमारा सपना सरल था, हर बच्चे को सही पोषण और प्रारंभिक शिक्षा मिले तथा हर महिला को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर मिले। अब जब हमने 16 राज्यों में 10,000 नंद घर का लक्ष्य पार कर लिया है, तो वह सपना हकीकत बन रहा है।’
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
