scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमविदेशबोत्सवाना: मुर्मू ने भारतीय समुदाय के साथ मिलकर दिल्ली विस्फोट पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की

बोत्सवाना: मुर्मू ने भारतीय समुदाय के साथ मिलकर दिल्ली विस्फोट पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की

Text Size:

(नीलाभ श्रीवास्तव)

गबोरोन (बोत्सवाना), 13 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को बोत्सवाना में भारतीय समुदाय के साथ मिलकर दिल्ली में हुए हालिया विस्फोट के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिल्ली में लालकिले के बाहर सोमवार को हुए उच्च तीव्रता वाले विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई थी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के अंतिम दिन भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत के दौरान, मृतकों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रगान और बोत्सवाना में भारतीय उच्चायुक्त भरत कुमार कुठाती द्वारा स्वागत किए जाने के बाद, मुर्मू ने हॉल में उपस्थित भारतीय समुदाय के सदस्यों से दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अनुरोध किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने खड़े होकर एक मिनट का मौन रखा।

बोत्सवाना में भारतीय समुदाय की संख्या लगभग 10,000 है तथा वे शिक्षा, स्वास्थ्य, हीरा प्रसंस्करण और कुछ अन्य व्यापार जैसे क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

मुर्मू ने कहा कि भारतीय समुदाय की उपलब्धियां ‘‘भारत के लिए गर्व का स्रोत हैं’’ और उनकी सफलता ‘‘भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाती है’’। उन्होंने उपस्थित लोगों से बोत्सवाना की प्रगति में योगदान जारी रखने और भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने का आग्रह किया।

यहां भारतीय प्रवासियों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें बोत्सवाना में भारत जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने उनसे अपनी मातृभूमि के साथ अपने संबंधों को मजबूत बनाए रखने को कहा।

राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने और उनके बोत्सवानियाई समकक्ष ड्यूमा गिदोन बोको ने पिछले दो दिन में अपनी द्विपक्षीय बैठकों के दौरान स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लिए एक “परिवर्तन” से गुजर रहा है। मुर्मू ने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्वच्छ भारत जैसी सरकारी पहलों का हवाला दिया जो भारत को “अधिक ऊंचाइयों” पर ले जा रही हैं।

मुर्मू ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि बोत्सवाना में भारतीय समुदाय स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने और जरूरतमंदों के लिए शिक्षा सेवाएं प्रदान करने सहित कई सामाजिक सेवा कार्य करता है, जो ‘‘प्रशंसनीय’’ है।

राष्ट्रपति ने यहां भारतीयों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘यह ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना है।’’

राष्ट्रपति अंगोला की चार दिवसीय राजकीय यात्रा के बाद मंगलवार को बोत्सवाना की राजधानी गबोरोन पहुंची थीं।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments