scorecardresearch
Tuesday, 11 November, 2025
होमविदेशराष्ट्रपति मुर्मू ने अंगोला की चार दिवसीय यात्रा संपन्न की, बोत्सवाना के लिए रवाना

राष्ट्रपति मुर्मू ने अंगोला की चार दिवसीय यात्रा संपन्न की, बोत्सवाना के लिए रवाना

Text Size:

(नीलाभ श्रीवास्तव)

लुआंडा (अंगोला), 11 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को अंगोला की यात्रा संपन्न करने के बाद अपनी दो देशों की राजकीय यात्रा के दूसरे चरण में बोत्सवाना के लिए रवाना हुईं। राष्ट्रपति ने अंगोला में पारंपरिक ऊर्जा व्यवसाय से परे आर्थिक संबंधों के विस्तार पर चर्चा की।

अंगोला की अपनी चार दिवसीय राजकीय यात्रा के अंतिम दिन, राष्ट्रपति मुर्मू ने अंगोला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जाने से पहले देश के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया, जहां उन्हें औपचारिक विदाई दी गई।

विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला ने यात्रा का ब्योरा देते हुए कहा कि अंगोला नवीकरणीय ऊर्जा, वन्यजीव संरक्षण एवं प्रबंधन तथा जैव ईंधन जैसे कुछ ‘अत्यंत महत्वपूर्ण’ क्षेत्रों में भारत के साथ साझेदारी करने के लिए आगे आया है, जो अफ्रीकी राष्ट्र की राष्ट्रपति की यात्रा के ‘अत्यंत महत्वपूर्ण’ परिणाम हैं।

यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की अंगोला की पहली यात्रा थी। इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने समकक्ष जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों के बीच दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए।

मुर्मू ने लौरेंको से कहा कि भारतीय कंपनियां महत्वपूर्ण और दुर्लभ खनिजों के अन्वेषण में सक्षम हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस सहयोग को इलेक्ट्रिक वाहनों, अर्धचालक प्रौद्योगिकी और कृत्रिम मेधा साझेदारी तक भी बढ़ाया जा सकता है।

रक्षा सहयोग पर मुर्मू ने कहा कि भारत एक ‘‘विश्वसनीय’’ रक्षा उपकरण निर्यातक है और ‘‘हम अंगोला की रक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार हैं।’’

उन्होंने दीर्घकालिक खरीद अनुबंधों के माध्यम से अंगोला में भारतीय तेल और गैस कंपनियों की रुचि को भी रेखांकित किया।

दलेला ने कहा कि दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, कृषि, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे के विकास, क्षमता निर्माण, रक्षा और विकास साझेदारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में मौजूदा द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।

सचिव ने बताया कि अंगोला, भारत नीत दो पहलों ‘इंटारनैशनल बिग कैट एलायंस’ (आईबीसीए) और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन (जीबीए) में शामिल होने के लिए सहमत हो गया है।

दलेला ने कहा, ‘‘ हमें बहुत खुशी है कि इस यात्रा के दौरान अंगोला इन दोनों पहलों में शामिल हुआ है।’’

सचिव ने बताया कि इस वर्ष मई में अंगोला के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान, देश ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) में शामिल होने पर भी सहमति व्यक्त की थी।

मुर्मू तीन दिन तक बोत्सवाना में रहेंगी और बृहस्पतिवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

भाषा शोभना माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments