नयी दिल्ली, 11 नवंबर (भाषा) पाइन लैब्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 2.46 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 3,900 करोड़ रुपये के आईपीओ को 9,78,93,739 शेयरों के मुकाबले 24,09,38,767 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
निवेशक श्रेणी में, पात्र संस्थागत खरीदारों के हिस्से को चार गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों के लिए कोटा को 1.22 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। हालांकि, गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए केवल 30 प्रतिशत हिस्सा ही अभिदान हुआ।
सोमवार को, शेयर बिक्री के दूसरे दिन पाइन लैब्स के आईपीओ को 54 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ था।
वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी पाइन लैब्स ने बृहस्पतिवार को एंकर निवेशकों से 1,754 करोड़ रुपये जुटाए।
फर्म ने अपने आईपीओ के लिए 210-221 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है, जिसका लक्ष्य 25,300 करोड़ रुपये से अधिक का मूल्यांकन है।
आईपीओ में 2,080 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 8.23 करोड़ से अधिक इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) की जाएगी, जिसका ऊपरी मूल्य 1,819.9 करोड़ रुपये होगा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
