नयी दिल्ली, 11 नवंबर (भाषा) शिक्षा प्रौद्योगिकी यूनिकॉर्न फिजिक्सवाला के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के पहले दिन सात प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।
यह बोली 13 नवंबर को समाप्त होगी।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 3,480 करोड़ रुपये की आरंभिक शेयर बिक्री में 1,31,22,682 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं, जबकि प्रस्तावित शेयरों की संख्या 18,62,04,143 थी।
खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों के लिए 33 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों के कोटा को दो प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) श्रेणी में अब तक कोई भागीदारी नहीं देखी गई है।
सोमवार को, फिजिक्सवाला ने कहा कि उसने एंकर निवेशकों से 1,563 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
यह देश में अपना आईपीओ लाने वाली पहली प्रमुख शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी होगी।
कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 103-109 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है, जिससे इसका मूल्यांकन ऊपरी स्तर पर 31,500 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
आईपीओ में 3,100 करोड़ रुपये मूल्य के नए इक्विटी शेयर और प्रवर्तकों द्वारा 380 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
नोएडा स्थित फिजिक्सवाला ने मार्च में एक गोपनीय प्री-फाइलिंग रूट के माध्यम से आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए थे और जुलाई में बाजार नियामक की मंजूरी प्राप्त कर ली थी। इसके बाद, कंपनी ने आरएचपी दाखिल करने से पहले सितंबर में एक अद्यतन डीआरएचपी दाखिल किया।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
