scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशअर्थजगतबलरामपुर चीनी का दूसरी तिमाही का शुद्ध मुनाफा घटकर 54 करोड़ रुपये पर

बलरामपुर चीनी का दूसरी तिमाही का शुद्ध मुनाफा घटकर 54 करोड़ रुपये पर

Text Size:

कोलकाता, 11 नवंबर (भाषा) बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल) का सितंबर, 2025 को समाप्त तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 20 प्रतिशत घटकर 53.9 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 67.2 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 28.7 प्रतिशत बढ़कर 1,670.8 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 1,297.9 करोड़ रुपये थी।

कंपनी का कर-पूर्व मुनाफा 79.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 59.1 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान कंपनी का कर व्यय लगभग 26 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह लगभग आठ करोड़ रुपये था।

खंडवार, चीनी राजस्व 1,317 करोड़ रुपये रहा, जबकि डिस्टिलरी विभाग ने 405.0 करोड़ रुपये का योगदान दिया।

सितंबर में समाप्त छमाही में, कंपनी का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 105.5 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 137.3 करोड़ रुपये था।

कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 3.50 रुपये प्रति शेयर (350 प्रतिशत) का अंतरिम लाभांश भी घोषित किया।

बीसीएमएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक विवेक सरावगी ने कहा, ‘‘भारत का शुद्ध चीनी उत्पादन 2025-26 सत्र में लगभग 3.1 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 2.61 करोड़ टन से लगभग 19 प्रतिशत अधिक है। हम गन्ने के रकबे में गिरावट के बावजूद, अनुकूल मौसम के कारण उत्पादन में अपेक्षित वृद्धि की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, सरकार ने 2025-26 चीनी सत्र के लिए 15 लाख टन के निर्यात की अनुमति दी है, 30 सितंबर, 2026 तक समापन स्टॉक लगभग 60 लाख टन होने की उम्मीद है।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments