नयी दिल्ली, 11 नवंबर (भाषा) भारतीय एथलेटिक्स महासंध (एएफआई) ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का शुरुआती सत्र जनवरी में भुवनेश्वर में आयोजित किया जाएगा।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कलिंगा स्टेडियम परिसर में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिता की तारीख हालांकि अभी तय नहीं है।
एएफआई अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय इंडोर चैंपियनशिप का आयोजन पहले से प्रस्तावित था और हमने इसे 2026 के घरेलू कैलेंडर में शामिल कर लिया है।’’
एथलेटिक्स कैलेंडर में पहली बार राष्ट्रीय इंडोर चैंपियनशिप को शामिल करना एएफआई द्वारा 2028 एशियाई इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी हासिल करने की कोशिशों के अनुरूप है।
सागू के अनुसार एएफआई राष्ट्रीय इंडोर चैंपियनशिप के अलावा पोल वॉल्ट (पुरुष और महिला) और हेप्टाथलॉन में अलग-अलग इनडोर प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी योजना बनाई है।
उन्होंने कहा, ‘‘2026 का घरेलू कैलेंडर रोमांचक होगा।’’
दो दिनों तक चलने वाले पुरुषों के लिए इंडोर हेप्टाथलॉन में 60 मीटर, लंबी कूद, गोला फेंक, ऊंची कूद, 60 मीटर बाधा दौड़, पोल वॉल्ट और 1,000 मीटर दौड़ शामिल होंगी।
शुरुआती चार स्पर्धाएं पहले दिन आयोजित की जाएँगी, जबकि शेष तीन स्पर्धाएं इस चुनौतीपूर्ण स्पर्धा के दूसरे दिन आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ 2026 के व्यस्त घरेलू कैलेंडर में लगभग 40 प्रतियोगिताएं होंगी। कैलेंडर को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।’’
उन्होंने, ‘‘ हमारा मुख्य ध्यान घरेलू पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने पर है।’’
एएफआई ने 2025 कैलेंडर वर्ष में क्षेत्रीय प्रतियोगिताएं शुरू की थीं और सागू ने कहा कि उसकी प्रतिक्रिया अच्छी रही है।
एएफआई अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस साल दक्षिण और उत्तर क्षेत्र में क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं ने बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को आकर्षित किया। इसलिए युवा खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं की संख्या को और बढ़ाने की योजना है।’’
उन्होंने कहा कि 2026 के कैलेंडर को राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों जैसे बहु खेल आयोजनों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.