नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को डेटा सेंटर और कृत्रिम मेधा क्षेत्रों में कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने के लिए बैठक की अध्यक्षता की।
गोयल ने एक सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि विचार-विमर्श नीतिगत परिवेश, नियामक प्रक्रियाओं और डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर केंद्रित रहा ताकि अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों में निवेश को बढ़ावा दिया जा सके।
उन्होंने कहा, ‘‘डेटा सेंटर और कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्रों में कारोबार सुगमता पर सीईओ गोलमेज सम्मेलन में एक व्यापक चर्चा की अध्यक्षता की।’’
टर्नर एंड टाउनसेंड के ताजा डेटा सेंटर निर्माण लागत सूचकांक के अनुसार, भारत डेटा सेंटर निवेश के लिए दुनिया के सबसे आकर्षक बाजारों में से एक के रूप में उभरा है और 2025 में मुंबई दुनिया में डेटा सेंटर निर्माण के लिए दूसरा सबसे कम लागत वाला क्षेत्र है।
जापान और सिंगापुर के साथ, भारत पहले से ही एशिया-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बाद सबसे बड़े डेटा सेंटर बाजारों में से एक है।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
