नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) लाल किले के पास हुए तेज धमाके वाले विस्फोट के बाद दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मैच के अंतिम दिन राजधानी के अरुण जेटली स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी जाएगी।
यह स्टेडियम लाल किला से कुछ ही किलोमीटर दूर है।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के सचिव अशोक शर्मा ने सोमवार को ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी मैच के अंतिम दिन फिरोज शाह कोटला स्टेडियम (अरुण जेटली स्टेडियम) के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल्ली पुलिस अधिकारियों से संपर्क करूंगा और उनसे स्टेडियम परिसर के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करने का अनुरोध करूंगा।’’
सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हुए बड़े धमाके में कई वाहन जलकर खाक हो गए और कम से कम आठ लोग मारे गए।
इस विस्फोट में 24 लोग घायल बताए गए हैं। यह विस्फोट उस समय हुआ जब शाम को इलाके में लोगों की भीड़ थी।
भा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.