नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) खेल मंत्रालय ने ओलंपिक और एशियाई खेलों के लिए अपनी पदक रणनीति के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्रों में 25 खेलों के लिए 320 सहायक कोचों की भर्ती को मंजूरी दे दी है।
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि जल क्रीड़ा, साइकिलिंग और टेनिस जैसे खेल सहित उन खेलों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनमें भारतीय खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं लेकिन उनमें पदक जीतने की अपार संभावनाएं हैं।
मांडविया ने कहा, ‘‘इसमें साई केंद्रों के प्रमुख खेलों को शामिल किया जाएगा। चयन प्रक्रिया योग्यता आधारित और पारदर्शी होगी और इसमें केवल वे ही शामिल होंगे जो अपने-अपने क्षेत्र में अव्वल या लाइसेंस धारक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम खेलों को महत्व देने का प्रयास कर रहे हैं जिससे देश में समग्र खेल संस्कृति में सुधार होगा। टेनिस, कयाकिंग और कैनोइंग जैसे खेल कभी-कभी उतना ध्यान आकर्षित नहीं कर पाते हैं, लेकिन इनमें अपार संभावनाएं हैं।’’
मांडविया ने कहा कि राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम के वादे के अनुसार, ‘‘सुरक्षित खेल वातावरण‘‘ के निर्माण और ‘‘लैंगिक गुणवत्ता‘‘ को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रतिशत भर्तियां महिलाओं की होंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक खेल विकास का सवाल है तो सहायक कोच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे निचले स्तर से लेकर उच्च स्तर तक की प्रतिभाओं को निखारते हैं। यह भर्ती अभियान का पहला चरण है और इस पहल के पूरा होने के बाद दूसरे चरण में 320 और कोच की भर्ती की जाएगी।’’
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.