वडोदरा, नौ नवंबर (भाषा) युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के शानदार दोहरे शतक की मदद से झारखंड ने रविवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच में 506 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर बड़ौदा को शुरुआती झटके देकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
अपने 29वें प्रथम श्रेणी मैच में खेल रहे 21 वर्षीय कुशाग्र ने 367 गेंद पर 234 रन बनाए। इस युवा बल्लेबाज को आईपीएल 2024 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने 7.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसके बाद वह आईपीएल 2025 के लिए गुजरात टाइटन्स में चले गए।
बड़ौदा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 78 रन बनाए हैं। झारखंड की तरफ से तेज गेंदबाज साहिल राज ने 15 रन देकर दो विकेट लिए हैं।
झारखंड ने पहले दिन पांच विकेट पर 327 रन बनाए थे। कुशाग्र ने 133 रन से अपनी पारी आगे बढाई और दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने साहिल राज (39) के साथ सातवें विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की। कुशाग्र ने अपनी पारी में 23 चौके और चार छक्के लगाए।
कानपुर में खेले जा रहे मैच में उत्तर प्रदेश ने नगालैंड के खिलाफ अपनी पहली पारी छह विकेट पर 535 रन बनाकर समाप्त घोषित की। उसकी तरफ से माधव कौशिक (185), आर्यन जुयाल (140) और शिवम मावी (नाबाद 101) ने शतक लगाए।
मावी ने इसके बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 17 रन देकर दो विकेट लिए जिससे नगालैंड दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 77 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था।
नागपुर में खेले जा रहे एक अन्य मैच में ओडिशा ने विदर्भ के 286 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 122 रन बनाए हैं।
विशाखापट्टनम में खेले जा रहे मैच में तमिलनाडु ने आंध्र के खिलाफ अपनी पहली पारी में पांच रन की मामूली बढ़त हासिल करने के बाद दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 102 रन बनाए हैं।
तमिलनाडु ने पहली पारी में 182 रन बनाए थे जिसके जवाब में आंध्र की टीम 177 रन कर आउट हो गई। आंध्र की तरफ से शेख रशीद ने नाबाद 77 रन बनाए। तमिलनाडु की तरफ से संदीप वॉरियर ने चार जबकि त्रिलोक नाग और साइ किशोर ने दो-दो विकेट लिए।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.