(तस्वीर के साथ)
रोटोरूआ (न्यूजीलैंड), छह नवंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय के साथ इसका गायन किया।
गोयल ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सात नवंबर से हम अपने विभिन्न संसदीय क्षेत्रों में 150 स्थानों पर 150 लोगों की उपस्थिति में वंदे मातरम गीत का गायन करने जा रहे हैं।’’
गोयल इस समय न्यूजीलैंड के चार-दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आए हुए हैं। वह मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में जारी प्रगति की समीक्षा के लिए यहां आए हैं।
मातृभूमि के लिए समर्पित गीत ‘वंदे मातरम’ को वर्ष 1950 में राष्ट्र गीत के रूप में मान्यता दी गई थी। इस गीत को बंकिम चंद्र चटर्जी ने 1875 में लिखा था।
इसका पहला प्रसिद्ध सार्वजनिक गायन रवींद्रनाथ टैगोर ने वर्ष 1896 में कलकत्ता (अब कोलकाता) में किया था।
भाषा निहारिका प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
