scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशवर्जीनिया की ले. गवर्नर गजाला हाशमी को हैदराबाद से गहरा लगाव है

वर्जीनिया की ले. गवर्नर गजाला हाशमी को हैदराबाद से गहरा लगाव है

Text Size:

हैदराबाद, छह नवंबर (भाषा) भारत में जन्मीं अमेरिकी राजनेता गजाला हाशमी को वर्जीनिया का लेफ्टिनेंट गवर्नर चुना गया है। उनकी रिश्ते की बहन रासिया ने बताया कि एक दशक पहले हाशमी अपने गृहनगर हैदराबाद आई थीं और उन्होंने इस शहर के प्रति अपना गहरा लगाव प्रदर्शित किया था।

हाशमी वर्जीनिया की लेफ्टिनेंट गवर्नर चुनी गई हैं। वह राज्य के इस शीर्ष राजनीतिक पद पर निर्वाचित होने वाली पहली मुस्लिम और दक्षिण एशियाई अमेरिकी बन गई हैं।

हैदराबाद के मलकपेट इलाके में पली-बढ़ीं हाशमी (1968 में) जब चार साल की थीं तभी उनका परिवार अमेरिका चला गया था। मलकपेट में उनका मकान था जिसे उनके परिवार ने बेच दिया।

रासिया ने हाशमी की हैदराबाद यात्रा को याद करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने शहर के ऐतिहासिक स्थलों जैसे चारमीनार, चौमहल्ला पैलेस और सालार जंग संग्रहालय का दौरा किया था।

रसिया ने बताया, ‘मैं कह सकती हूं कि वह (हाशमी) हैदराबाद से बहुत गहराई से जुड़ी हुई हैं। जब वह यहां आईं तो बहुत भावुक थीं। उनका हैदराबाद में अपने पैतृक और ननिहाल पक्ष के परिवार से गहरा लगाव है। यही वजह थी कि व्यस्त होने के बावजूद उन्होंने उस समय यहां का दौरा किया था।’

उन्होंने बताया कि हाशमी की भारत और हैदराबाद के इतिहास में गहरी दिलचस्पी थी जिसकी वजह से उन्होंने सालार जंग संग्रहालय और चौमहल्ला पैलेस का दौरा किया था।

हाशमी की इस यात्रा के दौरान उनकी बड़ी बेटी उनके साथ थी और उस समय एक पारिवारिक मिलन समारोह भी आयोजित हुआ था।

रासिया ने कहा कि हैदराबादी खाना हाशमी के लिए मसालेदार था।

अपनी चचेरी बहन के संपर्क में रहने वाली रासिया ने कहा कि हाशमी का चुनाव भारतीयों और हैदराबादियों के लिए गर्व का क्षण है।

हाशमी को उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएँ देते हुए, रसिया ने प्रार्थना की कि उनकी चचेरी बहन वर्जीनिया में लोगों की भलाई के लिए काम करें और अपनी मानवीय सेवा जारी रखें।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments