(शिरीष बी. प्रधान)
काठमांडू, तीन नवंबर (भाषा) नेपाल के पूर्वोत्तर स्थित यालुंग री पर्वत पर हुए एक भीषण हिमस्खलन में एक विदेशी पर्वतारोहियों सहित कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लापता हैं।
हिमस्खलन के बाद बागमती प्रांत के दोलखा जिले की रोलवालिंग घाटी स्थित 5,630 मीटर ऊंचे पर्वत के आधार शिविर में पांच अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान कुमार महतो ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे हुए हिमस्खलन में एक फ्रांसीसी पर्वतारोही और दो नेपाली गाइड की मौत हो गई।
स्थानीय मीडिया ने शुरूआत में मृतकों की संख्या सात बताई थी। अभियान दल में कुल 12 लोग थे जिसमें सात नेपाली गाइड और पांच विदेशी पर्वतारोही थे।
घटना के बाद से कनाडा, जर्मनी और इटली के नागरिकों सहित चार विदेशी पर्वतारोही लापता हैं और बचाव अभियान सोमवार शाम तक जारी रहा।
घायल हुए पांच नेपाली नागरिकों को वहां से निकाल लिया गया है।
महतो ने बताया कि सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के जवानों ने एक हेलीकॉप्टर की मदद से तलाश अभियान चलाया, लेकिन खराब मौसम के कारण इसमें बाधा आई। उन्होंने कहा कि तलाश अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा।
भाषा खारी अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
