scorecardresearch
Thursday, 6 November, 2025
होमदेशअर्थजगतधोलेरा उच्च प्रौद्योगिकी निर्माण का प्रमुख केंद्र बनने को तैयार: वैष्णव

धोलेरा उच्च प्रौद्योगिकी निर्माण का प्रमुख केंद्र बनने को तैयार: वैष्णव

Text Size:

अहमदाबाद, तीन नवंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि गुजरात का धोलेरा शहर निकट भविष्य में उच्च प्रौद्योगिकी निर्माण का एक प्रमुख केंद्र बन जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि दुनिया के लगभग सभी देशों की भारत और गुजरात के सेमीकंडक्टर क्षेत्र पर नजर है।

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने गुजरात में सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए गांधीनगर में एक उच्चस्तरीय बैठक की।

राज्य सरकार ने बयान में कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने भी भाग लिया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री को बिजली, पानी, लॉजिस्टिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे से संबंधित राज्य सरकार के कार्यों के बारे में बताया गया। उनके सामने धोलेरा और साणंद में स्थापित की जा रही टाटा, माइक्रोन और सीजी सेमीकॉन जैसी सेमीकंडक्टर परियोजनाओं के लिए रेल, सड़क और हवाई संपर्क पर विस्तृत प्रस्तुति भी पेश की गई।

वैष्णव ने धोलेरा के जल्द ही उच्च प्रौद्योगिकी निर्माण का एक प्रमुख केंद्र बनने का भरोसा जताया और कहा, ‘‘दुनिया के लगभग सभी देश भारत और गुजरात के सेमीकंडक्टर क्षेत्र पर नजर रख रहे हैं, और सेमीकंडक्टर उद्योग के संदर्भ में धोलेरा का विशेष रूप से उल्लेख किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि भारत की पहली सेमीकंडक्टर चिप निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी तरह से तैयार हो जाए।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments