scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमविदेशब्रिटिश पुलिस ने ट्रेन में चाकू हमले के आरोपी पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया

ब्रिटिश पुलिस ने ट्रेन में चाकू हमले के आरोपी पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, तीन नवंबर (भाषा) ब्रिटिश पुलिस ने पिछले सप्ताहांत लंदन जा रही एक ट्रेन में यात्रियों पर चाकू से किए गए हमले के सिलसिले में 32 वर्षीय एक आरोपी पर सोमवार को हत्या के प्रयास का आरोप लगाया।

इस हमले में 11 यात्री घायल हो गए थे।

आरोपी एंथनी विलियम्स एक अश्वेत ब्रिटिश नागरिक है। उसे सोमवार सुबह पूर्वी इंग्लैंड की एक अदालत में पेश किया गया और वह फिलहाल हिरासत में रहेगा।

ब्रिटिश परिवहन पुलिस (बीटीपी) ने कहा कि हंटिंगडन रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम हुई “बड़ी घटना” के सिलसिले में विलियम्स पर हत्या के प्रयास के 10 मामलों, वास्तविक शारीरिक नुकसान पहुंचाने के एक मामले और धारदार वस्तु रखने के एक मामले में आरोप लगाए गए हैं।

डॉनकास्टर से लंदन के किंग्स क्रॉस जा रही हाई-स्पीड ट्रेन में कई यात्रियों पर हमले की सूचना के बाद सशस्त्र पुलिस ने ट्रेन को रोककर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक को रविवार को रिहा कर दिया गया।

बीटीपी के उप मुख्य कांस्टेबल (डीसीसी) स्टुअर्ट कंडी ने कहा, “आपराधिक जांच और पीड़ितों को सहायता प्रदान करना ब्रिटिश परिवहन पुलिस की प्राथमिकता है।”

उन्होंने कहा, “जांच के दौरान हम संभावित रूप से संबंधित अन्य अपराधों पर भी गौर कर रहे हैं। क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (सीपीएस) के आरोपों को मंजूरी देने के बाद, मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि ऐसा कुछ भी कहा या प्रकाशित न किया जाए, जिससे आपराधिक कार्यवाही या जांच की विश्वसनीयता को खतरा पैदा हो या उस पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।”

भाषा पारुल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments