(के जे एम वर्मा)
बीजिंग/ग्योंगजू, एक नवंबर (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शनिवार को घोषणा की कि चीन अगले साल नवंबर 2026 में एपेक आर्थिक नेताओं की बैठक की मेजबानी करेगा।
चिनफिंग ने दक्षिण कोरिया के ग्योंगजू में आयोजित इस वर्ष की बैठक के समापन सत्र में कहा कि एशिया और प्रशांत क्षेत्र के 21 देशों के नेताओं का 2026 का शिखर सम्मेलन शेन्झेन में आयोजित किया जाएगा।
चीन, एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) के शिखर सम्मेलन की पहले भी दो बार मेजबानी कर चुका है।
इस साल के एपेक शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शी चिनफिंग की मुलाकात खबरों में छाई रही।
ट्रंप हालांकि, चिनफिंग के साथ बैठक के तुरंत बाद अमेरिका चले गए और सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।
दोनों नेताओं के बीच दुनिया की दो शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं के बीच जारी ‘शुल्क युद्ध’ को समाप्त करने पर सहमति बनी।
ट्रंप ने बृहस्पतिवार को चिनफिंग के साथ हुई आमने-सामने की मुलाकात को बेहद सफल बताते हुए कहा था कि वह चीन पर लगाए गए शुल्क (टैरिफ) में कटौती करेंगे जबकि बीजिंग ने दुर्लभ धातुओं के निर्यात की अनुमति देने और अमेरिका से सोयाबीन खरीदने पर सहमति जतायी है।
ट्रंप ने शी के साथ बृहस्पतिवार को बैठक के बाद मीडिया से कहा था कि अमेरिका इस वर्ष की शुरुआत में चीन पर लगाए गए 20 प्रतिशत के दंडात्मक शुल्क में कटौती कर इसे 10 प्रतिशत करेगा। ये शुल्क फेंटानिल बनाने में उपयोग होने वाले रसायनों की बिक्री को लेकर लगाए गए थे। इसके साथ ही चीन पर कुल संयुक्त शुल्क दर 57 प्रतिशत से घटकर 47 प्रतिशत रह जाएगी।
ट्रंप ने कहा कि वह अगले साल अप्रैल में चीन का दौरा करेंगे और उसके बाद शी चिनफिंग अमेरिका का दौरा करेंगे। ट्रंप एपेक के शेन्झेन शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा ले सकते हैं।
भाशा
सिम्मी प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
