नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ 169 प्रतिशत उछलकर 6,442.53 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के शुद्ध लाभ में यह बढ़ोतरी रिफाइनिंग मार्जिन में वृद्धि की वजह से हुई है।
बीपीसीएल ने शुक्रवार को शेयर बाजार को जुलाई-सितंबर तिमाही के इस वित्तीय नतीजे की जानकारी दी।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में एकल आधार पर 2,397.93 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी ने प्रत्येक बैरल कच्चे तेल को पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधन में बदलने पर 10.78 डॉलर कमाए, जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में बीपीसीएल का सकल रिफाइनिंग मार्जिन 4.41 डॉलर प्रति बैरल था।
वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी की परिचालन आय तीन प्रतिशत बढ़कर 1.21 लाख करोड़ रुपये हो गई।
इस बीच, बीपीसीएल के निदेशक मंडल ने प्रति इक्विटी शेयर 7.5 रुपये का अंतरिम लाभांश देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.