scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशरूस से तेल आयात कम करने के मुद्दे पर भारत का रुख बहुत अच्छा रहा है: ट्रंप

रूस से तेल आयात कम करने के मुद्दे पर भारत का रुख बहुत अच्छा रहा है: ट्रंप

Text Size:

न्यूयॉर्क, 30 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा कि रूस से तेल आयात कम करने के मुद्दे पर भारत का रुख बहुत अच्छा रहा है। उन्होंने अपने इस दावे को दोहराया कि मॉस्को से अपनी ऊर्जा खरीद में भारत उल्लेखनीय कमी लाएगा।

ट्रंप बुसान में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ शिखर बैठक के बाद वाशिंगटन लौटते समय एयरफोर्स वन विमान में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उनसे रूसी तेल खरीद के बारे में पूछा गया।

ट्रंप ने कहा, ‘‘शी लंबे समय से रूस से तेल खरीद रहे हैं। यह चीन के एक बड़े हिस्से की देखभाल करता है। और, आप जानते हैं, मैं कह सकता हूँ कि भारत इस मोर्चे पर बहुत अच्छा रहा है। लेकिन हमने तेल पर ज़्यादा चर्चा नहीं की। हमने साथ मिलकर काम करने पर चर्चा की ताकि यह देखा जा सके कि क्या हम उस युद्ध को ख़त्म कर सकते हैं।’’

ट्रंप पिछले कुछ दिनों से दावा करते रहे हैं कि दिल्ली ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह रूस से अपने तेल आयात में उल्लेखनीय कमी लाएगी।

पिछले सप्ताह ट्रंप ने अपने इस दावे को दोहराया कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हो गया है और वर्ष के अंत तक वह इसे लगभग शून्य पर ले आएगा।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत तेल और गैस का एक महत्वपूर्ण आयातक है, और अस्थिर ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना दिल्ली की निरंतर प्राथमिकता रहा है।

इसने कहा, ‘‘हमारी आयात नीतियाँ पूरी तरह इसी उद्देश्य से निर्देशित होती हैं। स्थिर ऊर्जा मूल्य और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी ऊर्जा नीति के दोहरे लक्ष्य रहे हैं। इसमें हमारा ऊर्जा स्रोतों का व्यापक आधार बनाना और बाज़ार की परिस्थितियों के अनुसार विविधीकरण करना शामिल है।’’

विदेश मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में कहा था, ‘‘जहाँ तक अमेरिका का सवाल है, हम कई वर्षों से अपनी ऊर्जा खरीद का विस्तार करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले एक दशक में इसमें लगातार प्रगति हुई है। वर्तमान प्रशासन ने भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को गहरा करने में रुचि दिखाई है। इस पर चर्चा जारी है।’’

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments