नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड का सितंबर में समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 6.53 प्रतिशत बढ़कर 444.79 करोड़ रुपये हो गया।
डाबर इंडिया ने एक नियामकीय सूचना यह जानकारी दी। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 417.52 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा कमाया था।
कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी एकीकृत परिचालन आय 3,191.32 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 3,028.59 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसका कुल खर्च 2,758.33 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2,634.40 करोड़ रुपये था।
डाबर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मोहित मल्होत्रा ने कहा, ‘‘गतिशील आर्थिक माहौल और जीएसटी से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद, हमने शानदार राजस्व और लाभ में वृद्धि दर्ज की, जिससे प्रमुख श्रेणियों में हमारी अग्रणी स्थिति और मजबूत हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे भारतीय कारोबार ने पोर्टफोलियो के 95 प्रतिशत हिस्से में बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी दर्ज की, जो हमारे केंद्रित ब्रांड निवेश और उपभोक्ताओं के साथ गहरे जुड़ाव का स्पष्ट प्रमाण है।’’
अंतर्राष्ट्रीय परिचालन ने दूसरी तिमाही में 7.7 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की, जिसमें दुबई में 17 प्रतिशत से अधिक, ब्रिटेन (48 प्रतिशत), बांग्लादेश और अमेरिका (प्रत्येक में 16 प्रतिशत) और तुर्की (18 प्रतिशत से अधिक) में वृद्धि दर्ज की गई।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.