scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशअमेरिका: भारतीय नागरिक पर उड़ान में दो किशोरों पर चाकू से वार करने का आरोप; मामला दर्ज

अमेरिका: भारतीय नागरिक पर उड़ान में दो किशोरों पर चाकू से वार करने का आरोप; मामला दर्ज

Text Size:

न्यूयॉर्क, 28 अक्टूबर (भाषा) शिकागो से जर्मनी जा रही एक उड़ान में 28 वर्षीय एक भारतीय ने कांटे वाले चम्मच से दो किशोरों पर कथित तौर पर वार किया और एक सह-यात्री को थप्पड़ मारा। अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मैसाचुसेट्स जिला के अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह घटना शनिवार को लुफ्थांसा की एक उड़ान में हुई, जिसे घटना के बाद बोस्टन लोगान अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा ले जाना पड़ा।

घटना के सिलसिले में दर्ज की गई शिकायत के अनुसार, प्रणीत कुमार उसिरिपल्ली ने 17 वर्षीय एक किशोर यात्री के कंधे पर धातु के कांटा (फोर्क) से वार किया तथा फिर 17 वर्षीय एक और यात्री के सिर के पिछले हिस्से पर उसी चम्मच से वार किया, जिससे उसके सिर में चोट आई।

उसिरिपल्ली पर, अमेरिका के विशेष हवाई क्षेत्राधिकार में विमान यात्रा करते समय एक खतरनाक हथियार के जरिये जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के इरादे से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

उसे 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और बाद में बोस्टन में संघीय अदालत में पेश किया जाएगा।

दोषी करार दिये जाने पर उसे 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है और 2,50,000 अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

शिकायत के अनुसार, यह कथित हमला विमान में भोजन परोसे जाने के बाद हुआ था।

शिकायत के मुताबिक, जब उसिरिपल्ली को काबू करने की कोशिश की गई, तो उसने अपनी अंगुलियों से इशारा करते हुए ऐसा प्रदर्शित किया कि वह खुद को गोली मार रहा है।

इसके बाद, उसने एक महिला यात्री को थप्पड़ मारा और एक चालक दल सदस्य को भी थप्पड़ मारने की कोशिश की।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments