scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशपाकिस्तान: बलूचिस्तान प्रांत में बम विस्फोट में सात सुरक्षाकर्मी घायल

पाकिस्तान: बलूचिस्तान प्रांत में बम विस्फोट में सात सुरक्षाकर्मी घायल

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 27 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सोमवार को हुए बम विस्फोट में कम से कम सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि प्रांत के तुर्बत इलाके में केच के उपायुक्त बशीर बारेच के काफिले को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में एक राहगीर भी घायल हो गया, हालांकि अधिकारी सुरक्षित हैं।

केच के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जोहैब मोहसिन ने ‘डॉन’ समाचार पोर्टल को बताया कि यह हमला प्रेस क्लब रोड पर किया गया।

उन्होंने बताया, “एक मोटरसाइकिल में लगे बम में रिमोट कंट्रोल से उस समय विस्फोट किया गया, जब उपायुक्त का काफिला इलाके से गुजर रहा था।”

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में ‘लेवीस’ के पांच कर्मी और एक राहगीर घायल हो गया।

‘लेवीस’ प्रांतीय अर्धसैनिक बल है।

उन्होंने बताया कि बाद में घायलों की संख्या बढ़कर आठ हो गई, जिनमें ‘लेवीस’ के सात जवान शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि केच के उपायुक्त सुरक्षित हैं क्योंकि वह बुलेटप्रूफ वाहन में थे।

उन्होंने बताया कि बारेच अपने घर से कार्यालय जा रहे थे और इस घटना में उनकी कार को केवल आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।

मोहसिन ने बताया, “धमाका इतना जबरदस्त था कि आस-पास खड़े चार वाहन और पास में स्थित इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।”

उन्होंने बताया कि पुलिस व फ्रंटियर कोर के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments