scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशभारतीय मूल का अमेरिकी सरकारी कर्मचारी दूसरी पूर्णकालिक नौकरी करने के आरोप में गिरफ्तार

भारतीय मूल का अमेरिकी सरकारी कर्मचारी दूसरी पूर्णकालिक नौकरी करने के आरोप में गिरफ्तार

Text Size:

न्यूयॉर्क, 24 अक्टूबर (भाषा) अमेरिका में भारतीय मूल के अमेरिकी सरकारी कर्मचारी को काम के आधिकारिक घंटों के दौरान दूसरी पूर्णकालिक नौकरी करने के आरोप में प्राधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया।

न्यूयॉर्क के लाथम निवासी मेहुल गोस्वामी (39) को पिछले सप्ताह साराटोगा काउंटी शेरिफ कार्यालय और न्यूयॉर्क स्टेट इंस्पेक्टर जनरल ऑफिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था।

शेरिफ कार्यालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘गोस्वामी पर न्यूयॉर्क राज्य सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कार्यालय में काम करते हुए वहां से दूर माल्टा शहर में दूसरी नौकरी करने का आरोप है। यह उनके द्वारा कथित तौर पर न्यूयॉर्क राज्य से 50 हजार अमेरिकी डॉलर से अधिक की चोरी किए जाने के बराबर है।’’

दोषी पाए जाने पर गोस्वामी को अधिकतम 15 साल तक की जेल की सजा और 15 हजार अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना या वित्तीय लाभ का दोगुना जुर्माना हो सकता है।

‘न्यूयॉर्क स्टेट इंस्पेक्टर जनरल’ लूसी लैंग ने कहा, ‘‘सरकारी कर्मचारियों को ईमानदारी से काम करने की ज़िम्मेदारी सौंपी जाती है और गोस्वामी का कथित आचरण उस भरोसे का गंभीर उल्लंघन है। राज्य के लिए काम करने का दावा करते हुए दूसरी पूर्णकालिक नौकरी करना करदाताओं के पैसे सहित सार्वजनिक संसाधनों का दुरुपयोग है।’’

विज्ञप्ति में कहा गया कि गोस्वामी को माल्टा टाउन कोर्ट में पेश किया गया और अग्रिम कार्यवाही तक उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

इसमें कहा गया है कि जनवरी 2020 से प्रभावी न्यूयॉर्क राज्य कानून के तहत इस आरोप को जमानत योग्य अपराध नहीं माना जाता है।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments