scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमविदेशश्रीलंका: नेता की हत्या के विरोध में विपक्षी सदस्यों ने संसद में काले कपड़े पहनकर जताया विरोध

श्रीलंका: नेता की हत्या के विरोध में विपक्षी सदस्यों ने संसद में काले कपड़े पहनकर जताया विरोध

Text Size:

कोलंबो, 23 अक्टूबर (भाषा) श्रीलंका की मुख्य विपक्षी पार्टी समागी जना बालवेगया (एसजेबी) ने स्थानीय परिषद के अध्यक्ष की हत्या पर सरकार की असंवेदनशील प्रतिक्रिया को लेकर बृहस्पतिवार को संसद में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया।

दक्षिणी मटारा जिले में वेलिगामा स्थानीय प्राधिकरण के प्रमुख लासांथा विक्रमसेकरा की मंगलवार को उनके कार्यालय में एक अज्ञात बंदूकधारी ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना एक वर्ष पहले नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) सरकार के सत्ता में आने के बाद पहली राजनीतिक हत्या है।

पुलिस बल के प्रभारी सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री आनंद विजेपाला ने बुधवार को संसद को बताया कि विक्रमसेकरा का आपराधिक अतीत था और उनके अंडरवर्ल्ड से संबंध थे।

उन्होंने कहा, ‘विक्रमसेकरा के खिलाफ छह अदालती मामले लंबित हैं और पहले भी उन्हें सजा सुनाई गई थी।’ विजेपाला की टिप्पणी की विपक्षी सदस्यों ने तीखी आलोचना की।

एसजेबी ने विजेपाला पर स्थानीय परिषद के अध्यक्ष को अपराधी बताने का आरोप लगाया। एसजेबी सांसद मुजीबर रहमान ने मंत्री की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा, ‘विक्रमसेकरा जनता के वोटों से अध्यक्ष बने थे।’

विजेपाला ने कहा कि विक्रमसेकरा की हत्या एक गिरोह की प्रतिद्वंद्विता का परिणाम थी। विपक्षी सांसद चमारा संपत ने मंत्री को चुनौती दी कि यदि सरकार मानती है कि हत्या अंडरवर्ल्ड विवादों से जुड़ी है तो वह बंदूकधारी को गिरफ्तार करे और संसद में उसका बयान पेश करे।

भाषा आशीष मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments