scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशपुतिन के निर्देश पर रूसी परमाणु बलों का युद्धाभ्यास

पुतिन के निर्देश पर रूसी परमाणु बलों का युद्धाभ्यास

Text Size:

(विनय शुक्ला)

मॉस्को, 22 अक्टूबर (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को देश के सामरिक परमाणु बलों के युद्धाभ्यास का अवलोकन किया।

यह युद्धाभ्यास ऐसे समय किया गया जब यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी प्रस्तावित शिखर वार्ता पर अनिश्चितता मंडरा रही है।

पुतिन ने क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कार्यालय) स्थित आपात कालीन कमान कक्ष से अपने संबोधन में कहा, ‘‘जैसा कि रक्षा मंत्री ने अभी बताया, आज हमारे पास एक रणनीतिक परमाणु बल प्रबंधन युद्धाभ्यास निर्धारित है। आइए, काम शुरू करें।’’ इस संदेश का टेलीविजन पर प्रसारण किया गया।

पुतिन ने शीर्ष सैन्य नेतृत्व को ऑनलाइन संबोधित करते हुए रेखांकित किया कि वर्तमान युद्धाभ्यास में भूमि, समुद्र और वायु आधारित सामरिक परमाणु बल शामिल हो रहे हैं।

क्रेमलिन ने बताया कि यह युद्धाभ्यास राष्ट्रपति पुतिन की देखरेख में आयोजित किया गया और इसमें यार्स आईसीबीएम (अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल) लांचर, उत्तरी बेड़े की रणनीतिक परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बी ब्रांस्क और टीयू-95एमएस रणनीतिक बमवर्षक शामिल थे।

इस बीच, यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा के लिए हंगरी के बुडापेस्ट में पुतिन-ट्रंप शिखर सम्मेलन के स्थगित होने की खबर के बीच, रूसी अधिकारी अलग-अलग बयान जारी कर रहे हैं।

क्रेमलिन ने कहा कि अफवाहें भ्रामक हैं।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा, ‘‘फिर से स्पष्ट करता हूं, अभी तक कोई खबर नहीं है। यह स्पष्ट है कि यह पूरा मामला ढेर सारी गपशप, अफवाहों वगैरह से घिरा हुआ है। ज्यादातर, यह मूल रूप से झूठ है। अभी तक कोई खबर नहीं है।’’ उन्होंने यह टिप्पणी सरकारी समाचार एजेंसी तास के इस सवाल के जवाब में की कि क्या पुतिन और ट्रंप के बीच प्रस्तावित बैठक की तैयारियां स्थगित कर दी गई हैं।

ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि बुडापेस्ट में रूस-अमेरिका शिखर सम्मेलन होगा या नहीं, इस पर निर्णय कुछ दिनों में हो सकता है।

इससे पहले, सीएनएन ने खबर दी थी कि पुतिन-ट्रंप की बैठक की तैयारियों में लगे रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच बैठक अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments