scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशएम एफ हुसैन प्रदर्शनी कतर में आयोजित होगी

एम एफ हुसैन प्रदर्शनी कतर में आयोजित होगी

Text Size:

दुबई, 22 अक्टूबर (भाषा) कतर संग्रहालय ने बुधवार को एम.एफ. हुसैन की कलाकृतियों पर आधारित एक प्रदर्शनी की घोषणा की, जो इस प्रतिष्ठित कलाकार के भारत को एक प्राचीन सभ्यता और एक उत्तर-औपनिवेशिक राष्ट्र के रूप में देखने के दृष्टिकोण को दर्शाती है।

किरण नादर कला संग्रहालय (केएनएमए), नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी 28 अक्टूबर से 7 फरवरी तक क्यूएम गैलरी कतारा में प्रदर्शित होगी।

संग्रहालय ने एक बयान में कहा कि ‘द रूटेड नोमैड: एम एफ हुसैन’ कलाकार के जीवन के दोहरे सार को दर्शाती है, उनकी मातृभूमि के साथ उनका गहरा संबंध और उनकी खानाबदोश, सर्वव्यापी भावना।

यह हुसैन के भारत के एक प्राचीन सभ्यता और एक उत्तर-औपनिवेशिक राष्ट्र, दोनों के रूप में दृष्टिकोण को दर्शाती है। बयान में कहा गया, ‘‘पौराणिक कथाओं, साझा इतिहास, साहित्य और अभिव्यक्तियों का उपयोग करते हुए, हुसैन ने कलात्मक संवेदनशीलता पर आधारित प्रतीकात्मक रचनाओं के एक शब्दकोश के माध्यम से आधुनिक भारत के अपने सामंजस्यपूर्ण दृष्टिकोण को व्यक्त किया।’’

इससे संबंधित पहली प्रदर्शनी 2024 में ला बिएनेल डि वेनेजिया की 60वीं अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में हुई थी।

इसका दोहा संस्करण हुसैन के भारत में बिताए गए प्रारंभिक वर्षों से लेकर कतर के नागरिक के रूप में दोहा में बिताए गए उनके अंतिम वर्षों तक, उनकी भ्रमणशील भावना और कलात्मक गतिविधियों को दर्शाता है। यह हुसैन की 80 से अधिक प्रतिनिधि कृतियों की छवियों से निर्मित है।

केएनएमए की निदेशक और मुख्य क्यूरेटर रुबिना करोडे ने कहा, ‘‘हम कतर म्यूजियम के साथ मिलकर भारत के सबसे प्रतिष्ठित कलाकार एम.एफ. हुसैन पर एक गहन प्रस्तुति देने में गौरव महसूस करते हैं, जिनकी समावेशी और व्यापक कलात्मक दृष्टि विभिन्न संस्कृतियों के दर्शकों को प्रभावित करती है।’’

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments