नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) शीतल पेय बनाने वाली प्रमुख कंपनी कोका-कोला ने मंगलवार को कहा कि भारत सहित एशिया प्रशांत बाजारों में मानसून में ”अप्रिय मौसम” के कारण उसकी बिक्री में गिरावट आई।
कंपनी के कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य परिचालन अधिकारी हेनरिक ब्राउन ने मंगलवार को निवेशकों से कहा कि कोका-कोला के एशिया प्रशांत बाजार क्षेत्र, जिसमें भारत भी शामिल है, की प्रत्येक परिचालन इकाई में बिक्री घटी।
उन्होंने कहा, ‘‘एशिया प्रशांत क्षेत्र में प्रत्येक परिचालन इकाई में बिक्री घटी, जिसका कारण उपभोक्ता खर्च में कमी, उद्योग का कमजोर प्रदर्शन और भारत तथा फिलिपीन जैसे कुछ बाजारों में अप्रिय मौसम रहा।’’
उन्होंने आगे कहा कि अपनी गति बनाए रखने के लिए कोका-कोला एक विस्तृत कार्य योजना पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसमें ब्रांड, मूल्य-आधारित संरचना और इन बाजारों में विकास के लिए निवेश शामिल है।
कोका-कोला के चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेम्स क्विंसी ने कहा कि भारत में मात्रा के लिहाज से वृद्धि की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन यह अवसर काफी कम कीमतों पर उपलब्ध है।
भाषा अजय पाण्डेय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.