scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतहसीना सरकार के समय भारत के साथ हुआ सिर्फ एक समझौता हुआ है रद्दः बांग्लादेश सलाहकार

हसीना सरकार के समय भारत के साथ हुआ सिर्फ एक समझौता हुआ है रद्दः बांग्लादेश सलाहकार

Text Size:

ढाका, 21 अक्टूबर (भाषा) बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार एम. तौहीद हुसैन ने भारत के साथ हुए 10 द्विपक्षीय समझौते रद्द होने का दावा नकारते हुए मंगलवार को कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय हुए केवल एक समझौते को रद्द किया गया है।

हुसैन ने शेख हसीना सरकार के समय हुए समझौते रद्द होने के बारे में पूछे जाने पर यहां संवाददाताओं से कहा, “सोशल मीडिया पर जो सूची सामने आई है, वह सही नहीं है।”

उन्होंने बताया कि भारत के साथ सिर्फ टगबोट खरीद समझौता ही रद्द किया गया है, क्योंकि मूल्यांकन के बाद यह परियोजना बांग्लादेश के लिए लाभदायक नहीं पाई गई।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के मुताबिक, टगबोट खरीद सौदा रद्द करने का निर्णय दोनों देशों के बीच पारस्परिक समझ के आधार पर लिया गया है।

हुसैन ने कहा कि बांग्लादेश सरकार इस समय अदाणी समूह के साथ बिजली खरीद समझौते और भारत की ऋण सुविधा से चल रही कुछ अन्य परियोजनाओं की समीक्षा कर रही है।

उनकी यह टिप्पणी उस समय आई जब स्थानीय प्रशासनिक सलाहकार आसिफ महमूद शोएब भुइयां ने सोमवार को अपने सत्यापित फेसबुक खाते पर दावा किया था कि अंतरिम सरकार ने भारत के साथ हसीना शासनकाल में हुए 10 समझौते रद्द कर दिए हैं।

हुसैन ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं उस टिप्पणी पर बोलना नहीं चाहता। संभव है, उन्हें ऐसा बयान देने से बचना चाहिए था।”

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments