बेंगलुरु, 21 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक दुग्ध महासंघ (केएमएफ) ने मंगलवार को कहा कि उसके नंदिनी स्वीट्स ब्रांड ने दशहरा और दीपावली के त्योहारी मौसम के दौरान 1,100 टन की बिक्री दर्ज की, जिससे 46 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
महासंघ ने एक बयान में कहा कि यह आंकड़ा पिछले साल के त्योहारी मौसम की तुलना में 38 प्रतिशत अधिक है।
केएमएफ ने पिछले साल त्योहारी मौसम के दौरान 33.48 करोड़ रुपये या 725 टन की बिक्री की थी।
महासंघ ने इस सफलता का श्रेय त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए व्यापक योजना और अपने सदस्य दुग्ध संघों के साथ समन्वय को दिया।
बयान में कहा गया कि 1,100 टन मिठाइयों की बिक्री और कुल 46 करोड़ रुपये का कारोबार केएमएफ के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। महासंघ कर्नाटक के किसानों से प्रतिदिन लगभग एक करोड़ लीटर दूध खरीदता है।
नंदिनी ब्रांड के तहत, केएमएफ 175 से अधिक प्रकार के डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराता है, जिनमें घी, मक्खन, पनीर, दूध पाउडर, मिठाइयां और पेय पदार्थ शामिल हैं।
भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
